खेल डेस्क. विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का आगाज हो चुका है। इसके तहत पहला टेस्ट इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच 1 अगस्त से खेला जाएगा। वैसे ये एशेज सीरीज के अंतर्गत भी आएगा। इसके बाद, भारत-वेस्ट इंडीज और न्यूजीलैंड-श्रीलंका के मुकाबले भी होंगे। वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप में कुल 9 देश हिस्सा लेंगे। ये हैं- ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और वेस्ट इंडीज। आयरलैंड, अफगानिस्तान और जम्बाब्वे इस विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में नहीं होंगी। यहां हम आपको टीम इंडिया के शेड्यूल की जानकारी दे रहे हैं।
ये है टीम इंडिया का वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप में शेड्यूल
1) जुलाई – अगस्त 2019 : 2 टेस्ट (वेस्ट इंडीज के खिलाफ वेस्ट इंडीज में)
2) अक्टूबर – नवंबर 2019 : 3 टेस्ट (दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत में)
3) नवंबर 2019 : 2 टेस्ट (बांग्लादेश के खिलाफ भारत में)
4) फरवरी 2020 : 2 टेस्ट (न्यूजीलैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड में)
5) दिसंबर 2020 : 4 टेस्ट (ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया में)
6) जनवरी – फरवरी 2021 : 5 टेस्ट (इंग्लैंड के खिलाफ भारत में)
दो बार बढ़ी तारीख
टेस्ट चैम्पियनशिप में 9 टीमें हिस्सा लेंगी। आयरलैंड, अफगानिस्तान और आईसीसी द्वारा प्रतिबंधित जिम्बाब्वे की टीमें इसमें नहीं खेलेंगी। 22 महीने में 144 टेस्ट होंगे। भारतीय टीम कुल 18 मुकाबलों में हिस्सा लेगी। आईसीसी को इस चैम्पियनशिप का आइडिया 2009 में आया। 2010 में इसे स्वीकृति दे दी गई। आईसीसी चाहती थी कि 2013 में इसकी शुरुआत हो जाए, लेकिन तब यह टल गई। इसे 2017 में शुरू करने की योजना बनी, लेकिन दोबारा से तारीखों को बढ़ा दिया गया था।
फाइनल 2021 में
वर्ल्ड चैम्पियनशिप में सभी टीमें 6 सीरीज खेलेंगी। इनमें तीन सीरीज घरेलू और तीन विदेशी जमीन पर होंगी। एक सीरीज में कम से कम दो और ज्यादा से ज्यादा 5 टेस्ट खेले जा सकते हैं। लीग राउंड के खत्म होने के बाद जून 2021 में इंग्लैंड के ग्राउंड पर फाइनल खेला जाएगा।